Jan 4, 2017

पीड़ितों को न्याय दिलाने में वकीलों की भूमिका महत्वपूर्ण

डॉ. रमन सिंह : मुख्यमंत्री ने जिला न्यायालय में किया अधिवक्ता कक्ष का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज शाम राजधानी रायपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में अधिवक्ता कक्ष का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ ने मुख्यमंत्री को अधिवक्ता संघ का आजीवन संरक्षक घोषित किया। मुख्य अतिथि की आसंदी से लोकार्पण समारोह में डॉ. रमन सिंह ने समस्त अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को नए कैलेण्डर वर्ष 2017 की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने जिला अधिवक्ता संघ द्वारा प्रकाशित पत्रिका अधिवक्ता वाणी का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्बोधित करते हुए कहा-समाज के कमजोर वर्गों को जल्द से जल्द निष्पक्ष और सस्ता न्याय मिले, यह राज्य सरकार की भी मंशा है। पीड़ितों को कानूनी सहायता और न्याय दिलाने में वकीलों और न्यायिक अधिकारियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण को सोलह वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस अवधि में आधारभूत संरचना में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं। जिला और सत्र न्यायालय में सर्वसुविधा युक्त नये अधिवक्ता कक्ष में करीब 1200 अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था है। इससे अधिवक्ताओं के साथ-साथ उनके पक्षकारों को अच्छी सुविधा मिलेगी। उन्हें काम करने के लिए अच्छा वातावरण मिलेगा।




मुख्यमंत्री ने कहा - वकीलों की समस्याओं के निराकरण के लिए राज्य शासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के ग्रीष्मकालीन खेल प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आर.के. राठी और पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री देवजी भाई पटेल ने भी लोगों को सम्बोधित किया। इस अवसर पर आयोजकों ने मुख्यमंत्री सहित समस्त अतिथियों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।




My Blog List